नागपूर दिनांक 25 जून ( महानगर प्रतिनिधी)
गर्मी की छुट्टियां खत्म हो रही हैं। 27 जून से स्टेट बार्ड के स्कूल खुलेंगे, लेकिन विद्यार्थियों का स्कूल में प्रवेश 29 जून से होगा।
स्कूल खोलने के संदर्भ में शासनादेश और शिक्षण संचालनालय के आदेश में परस्पर विसंगति के कारण स्कूल खुलने की तारीख को लेकर शिक्षक और पालकों में संभ्रम बना हुआ था। जिला परिषद व मनपा शिक्षण विभाग ने आदेश निर्गमित कर संभ्रम को दूर किया है।

शिक्षक, कर्मचारी रहेंगे उपस्थित :
शिक्षणाधिकारी ने सभी स्कूलों के मुख्याध्यापकों को पत्र भेजकर 27 जून से स्कूल में शिक्षक व शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को उपस्थित रहने की सूचना देने के निर्देश दिए। 27 और 28 जून को स्कूल की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण करने व शिक्षक तथा कर्मचारियों का कोविड-19 व स्वास्थ्य से संबंधित संवर्धन करने के लिए कहा गया है।
कोविड प्रतिबंधक उपाय योजना के निर्देश :
कोविड से बचाव के लिए शिक्षक व शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का टीकाकरण कराने, 12 वर्ष से अधिक उम्र के विद्यार्थियों के टीकाकरण का दायरा बढ़ाने, स्कूल में कोविड से बचाव के लिए आवश्यक नियमों का पालन करने व कराने के निर्देश दिए गए।
विद्यार्थी को बुखार आने पर उसे स्कूल नहीं भेजने का पालकों से आह्वान किया गया। कक्षा में किसी विद्यार्थी को बुखार आने अथवा कोविड सदृश्य लक्षण रहने पर उसके तत्काल विलगीकरण की व्यवस्था तथा कोविड की रैपिड एंटीजन या आरटीपीसीआर टेस्ट स्कूल प्रबंधन को करानी होगी।
रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसके संपर्क में आए विद्यार्थियों की कोविड जांच कराने की स्कूल प्रशासन पर जिम्मेदारी रहेगी।






