नागपूर दिनांक 12 जून ( प्रतिनिधी)
बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र में चोरों ने दिनदहाड़े एक डॉक्टर के घर में सेंध लगाकर अलमारी से 5 लाख नकद और जेवर सहित 9.60 लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया था.
बेलतरोड़ी पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच भी प्रकरण की जांच कर रही थी. यूनिट 1 की टीम ने 24 घंटे के भीतर 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों से चोरी का माल भी जब्त कर लिया गया.
पकड़े गए आरोपियों में सुभाषनगर निवासी मंथन उर्फ दादया संतोष दाभने (19) और विकास वसंतराव दाभने (27) का समावेश है. उनके फरार साथी सम्मेत उर्फ पोंग्या संतोष दाभने (24) की तलाश जारी है. डॉक्टर शरद दुर्गाप्रसाद त्रिपाठी (53) अपनी पत्नी और 2 बेटियों के साथ नरेंद्रनगर की उज्ज्वल सोसाइटी में रहते हैं. शरद की पत्नी और बेटी भी डॉक्टर हैं
रोज की तरह शुक्रवार को सारे लोग अपने काम पर चले गए. दोपहर के वक्त आरोपियों ने उनके घर का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया. बेडरूम की अलमारी से नकद 5 लाख रुपये और सोने के जेवरात सहित 9.60 लाख रुपये का माल चोरी कर लिया. शाम 4 बजे के दौरान त्रिपाठी परिवार घर लौटा तो चोरी का पता चला. घटना की शिकायत बेलतरोड़ी पुलिस से की गई.
फुटेज में कैद हुआ तड़ीपार
साइबर टीम की मदद से क्राइम ब्रांच की टीम भी प्रकरण की जांच में जुट गई. परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. इसमें आरोपी सम्मेत मोटरसाइकिल क्र. एम.एच.31-सी.जेड.1009 पर जाता दिखाई दिया. तड़ीपार होने के कारण पुलिसकर्मियों ने उसे पहचान लिया. बाइक के नंबर और मोबाइल के लोकेशन के जरिए पुलिस ने उसके भाई मंथन और विकास को दबोच लिया.
24 घंटे के भीतर पुलिस ने वारदात का पर्दाफाश कर लिया. उनसे सोने के जेवरात, 1.60 लाख नकद, मोबाइल फोन और बाइक सहित 9 लाख रुपये का माल जब्त किया गया. फरार आरोपी सम्मेत की तलाश जारी है. आगे की जांच के लिए आरोपियों को बेलतरोड़ी पुलिस के हवाले कर दिया गया.






