महाराष्ट्र दिनांक 28 मई (प्रतिनिधी)
महाराष्ट्र (Maharashtra) में पहली बार कोरोनावायरस (Coronavirus) के ओमिक्रोन (Omicron) के BA.4 सब- वेरिएंट (BA.4 Sub-Variant) के चार और BA.5 सब-वेरिएंट (BA.5 Sub-Variant) के तीन केस आए हैं। PTI के मुताबिक, राज्य के स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि इन सभी में केवल हल्के लक्षण मिले थे और घर पर ही इनका इलाज चल रहा है।
अधिकारियों ने कहा, “इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च ने इसकी जीनोम सीक्वेंसिंग की थी। इसके मिलने की पुष्टि फरीदाबाद में भारतीय जैविक डेटा केंद्र की तरफ से की गई है।” अधिकारी ने कहा कि पुणे के कम से कम सात मरीजों में ओमिक्रोन के सब-वेरिएंट के संक्रमण का पता चला था।
उन्होंने बताया, “चार मरीजों को BA.4 संक्रमण है। जबकि बाकी BA.5 से संक्रमित हैं। इनमें चार पुरुष और तीन महिलाएं हैं। चार मरीज 50 साल से ज्यादा उम्र के हैं। दो 20 से 40 आयु वर्ग के हैं, जबकि एक मरीज नौ साल का बच्चा है।”
अधिकारी ने कहा, “सभी छह वयस्कों ने वैक्सीन की दोनों खुराकें पूरी कर ली हैं। जबकि एक ने बूस्टर शॉट भी ले लिया है। बच्चे का वैक्सीनेशन नहीं हुआ है। उन सभी में COVID-19 के हल्के लक्षण थे और उनका होम आइसोलेशन में इलाज किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “उनके सैंपल 4 से 18 मई के बीच लिए गए थे। उनमें से दो ने दक्षिण अफ्रीका और बेल्जियम की यात्रा की थी, जबकि तीन ने केरल और कर्नाटक की यात्रा की थी। बाकी दो मरीजों का हाल ही में कोई यात्रा इतिहास नहीं था।”






