महाराष्ट्र दिनांक 12 मार्च (प्रतिनिधी)
पांच राज्यों के चुनाव नतीजे (Assembly Election Results) आने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में घटनाक्रम तेजी से बदल रहा है. शुक्रवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) के वर्षा बंगले में एनसीपी प्रमुख शरद पवार (Sharad Pawar) की मौजूदगी में महा विकास आघाडी (Maha Vikas Aghadi) की एक अहम बैठक हुई
प्राप्त जानकारियों के मुताबिक इस बैठक में अल्पसंख्यक मंत्री नवाब मलिक (Nawab Malik) के इस्तीफे को लेकर मंथन हुआ. बीजेपी ने तय किया हुआ है कि नवाब मलिक का इस्तीफा लिए बिना मानेगी नहीं.
महा विकास आघाडी इस बात पर अड़ी हुई है कि जब नारायण राणे की गिरफ्तारी हुई थी तब उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया तो नवाब मलिक की गिरफ्तारी के बाद उनका इस्तीफा क्यों लिया जाए.इस पर खुद नारायण राणे का कहना है कि नवाब मलिक पर दाउद इब्राहिम और मुंबई बम ब्लास्ट से संबंधित लोगों से जमीन खरीदने का आरोप है. उन पर ऐसे आरोप नहीं थे.
इस बीच देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी (Bhagat Singh Koshyari) से मिलने राज भवन पहुंचे. पत्रकारों ने राजभवन के गेट के बाहर उनसे मिलने आने की वजह पूछी. जवाब में फडणवीस ने बस इतना कहा कि कोई राजनीतिक वजह नहीं है. वे एक इन्विटेशन देने आए हैं.
इससे पहले देवेंद्र फडणवीस ने पांच राज्यों के चुनाव नतीजों के आने के बाद अलग-अलग जो बयान दिए हैं, वे गौर करने लाएक हैं. जब उनसे पत्रकारों ने यह पूछा कि महाराष्ट्र की सरकार गिरने वाली है क्या? फडणवीस ने कहा कि बीजेपी इसके लिए कोशिश नहीं कर रही है. लेकिन अपने अंतर्विरोध की वजह से अगर यह सरकार गिरती है तो बीजेपी विकल्प देने के लिए तैयार बैठी है.






