युवक कांग्रेस के शहर अध्यक्ष चुनाव पर विवाद,2 गुट बने 

0
10

नागपूर दिंनाक 10 मार्च ( शहर प्रतिनिधी)

युवक कांग्रेस में नया विवाद शुरू हो गया है। शहर अध्यक्ष पद पर तौसिफ खान के बने रहने का दावा किया जा रहा है। उनके समर्थकों ने उनके स्वागत में खुशियां भी मनाई। दो दिन पहले शीलजरत्न पांडेय के शहर अध्यक्ष चुने जाने की खबर के साथ उनके समर्थकों ने खुशियां मनाई थीं।

दोनों पक्षों के विविध दावों के बीच युवक कांग्रेस की अाधिकारिक वेबसाइट पर तौसिफ खान का नाम नागपुर शहर अध्यक्ष के तौर पर घोषित किया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के समर्थक कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में लॉबिंग शुरू की है।

 

7 मार्च को दी थी सूचना

युवक कांग्रेस ने वेबसाइट पर संगठनात्मक चुनाव के परिणाम की जानकारी दी थी। राज्य में सभी जिलों की जानकारी भी दी थी। तब शहर अध्यक्ष पद के लिए शीलजरत्न पांडेय व जिला ग्रामीण के लिए मिथिलेश कन्हेरे का नाम सबसे अधिक मत पाने वाले उम्मीदवारों में था।

युवक कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में शहर व जिला स्तर पर सर्वाधिक मत पाने वाले काे शहर व जिला अध्यक्ष माना जाता है। लिहाजा शीलजरत्न के समर्थक कार्यकर्ताओं ने खुशियां मनाई। अब सर्वाधिक मत पाने वाले उम्मीदवार में तौसिफ खान का नाम है। उनके नाम के सामने प्रेसिडेंट अर्थात अध्यक्ष भी लिखा है।

वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, नागपुर शहर के लिए उपाध्यक्ष वसीम खान 12,836, उपाध्यक्ष अक्षय घाटोले 9098, उपाध्यक्ष रौनक चौधरी 12,379, महासचिव शीलजरत्न पांडेय को 6209 मत मिले हैं। वसीम खान, अक्षय घाटोले व रौनक चौधरी के नाम के आगे 3 माह के लिए होल्ड पर रखे जाने का उल्लेख है।

यह है विवाद :

तौसिफ खान निवर्तमान शहर अध्यक्ष हैं। नवंबर 2021 को उन्होंने दोबारा इस पद के लिए दावेदारी की तो उनके विरोधक कार्यकर्ता सक्रिय हो गए। शिकायतों का दौर चला। शहर अध्यक्ष पद के लिए अधिकतम 35 वर्ष की उम्र होनी चाहिए। कहा गया कि तौसिफ की उम्र अधिक है। उस समय तौसिफ के उम्मीदवार आवेदन को खारिज करने की भी चर्चा थी। वसीम, अक्षय व रौनक के नाम पर भी विविध कारणों से आपति दर्ज कराई गई थी। लेकिन चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई तो सभी उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने दिया गया। तौसिफ सहित अन्य प्रमुख उम्मीदवारों ने अपने समर्थन में कड़ी मेहनत की। अधिकतम मत पाने का प्रयास करते रहे।

अब कहा जा रहा है कि तौसिफ सहित 4 उम्मीदवारों का नाम होल्ड पर रहने के कारण शीलजरत्न को शहर अध्यक्ष घोषित किया गया था। लेकिन तौसिफ समर्थकों का कहना है कि तकनीकी त्रुटियों के कारण यह स्थिति बनी। पूर्व में नामों को लेकर कुछ शिकायतें अवश्य की गई थीं, लेकिन चुनाव के समय वह मामला हल हो चुका था। अधिकतम मतों के आधार पर तौसिफ ही दोबारा शहर अध्यक्ष बने हैं। उधर, शीलजरत्न के समर्थकों ने दिल्ली में की शिकायत के आधार पर दावा किया है कि तौसिफ 41 वर्ष के हैं। शहर अध्यक्ष पद के लिए 35 वर्ष से अधिक उम्र नहीं होना चाहिए।

कार्रवाई चल रही है

युवक कांग्रेस के नागपुर शहर अध्यक्ष पद को लेकर कार्यकर्ताओं के विविध दावे सामने आए हैं। िशकायतें भी हैं। शिकायत के आधार पर संगठनात्मक कार्रवाई चल रही है। शहर अध्यक्ष पद की स्थिति जल्द साफ हो जाएगी। –

समर्थ मिश्रा, मुख्य चुनाव अधिकारी, अखिल भारतीय युवक कांग्रेस

 

ज्यादा मत पाने वाला ही अध्यक्ष

सबसे अधिक मत पाने वाला ही अध्यक्ष होता है। तौसिफ ने सबसे अधिक मत पाए हैं। पहले उनका नाम होल्ड पर रखा गया था, लेकिन अब स्थिति साफ हो गई है। तौसिफ ही अध्यक्ष हैं। –

मुरुगन मुनिरत्नम, चुनाव प्रभारी, युवक कांग्रेस, नागपुर जिला

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here