नागपुर दिनांक 4 मार्च ( शहर प्रतिनिधि)
परिवहन समिति सभापति बंटी कुकड़े ने वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए आपली बस का 384.77 करोड़ रुपए का बजट पेश किया. मनपा मुख्यालय में स्थायी समिति सभापति प्रकाश भोयर को बजट सौंपा गया.
समिति सदस्य रूपा राय, नितिन साठवने, शेषराव गोतमारे, परिवहन व्यवस्थापक रवीन्द्र भेलावे, यांत्रिकी अभियंता योगेन्द्र लुंगे आदि उपस्थित थे. परिवहन समिति सभापति कुकड़े ने कहा कि शहर में पर्यावरणपूरक परिवहन व्यवस्था पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
96.92 करोड़ इलेक्ट्रिक बसों पर खर्च
कुकड़े ने कहा कि 15वें वित्त आयोग अंतर्गत 2020-21 के लिए 51.68 करोड़, 2021-22 के लिए 25.84 करोड़ मिलाकर कुल 77.52 करोड़ की निधि मंजूर की गई थी. इसके अलावा 2022-23 के लिए 27.40 करोड़ की निधि मंजूर की गई जिससे कुल 104.92 करोड़ में से वाठोडा स्थित डिपो के लिए लगने वाली निधि को छोड़कर 96.92 करोड़ का प्रावधान इलेक्ट्रिक बसों की खरीदी के लिए किया गया है.
233 बसें खरीदने का प्रस्ताव
बजट के अनुसार वित्तीय वर्ष 2022-23 में 104.92 करोड़ में से कुल 233 मिनी बसों की खरीदी प्रस्तावित की गई है जिसमें 2021-22 में कुल 77.52 करोड़ निधि से प्रथम चरण में 115 बसों की खरीदी वेटलीज पर की जानी थी. इसी तरह से दूसरे चरण में 100 बसों की खरीदी प्रस्तावित की गई है. उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में आपली बस के माध्यम से लोगों की सेवा में 50 प्रतिशत इलेक्ट्रिक बस सड़कों पर दौड़ने लगेंगी. साथ ही वाठोडा में 10 एकड़ भूमि पर नया डिपो तैयार किया जाएगा.
मनपा से मांगे 145 करोड़
उल्लेखनीय है कि परिवहन समिति ने भले ही 384 करोड़ का बजट पेश किया हो लेकिन खर्च के लिए अधिकांश राशि मनपा से मांगी गई है. एक ओर जहां बसों के लिए सरकार से मिलने वाली निधि पर पूरी परिवहन व्यवस्था निर्भर है, वहीं मनपा से मिलने वाली निधि पर संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्था निर्भर है. मनपा से इस वित्तीय वर्ष के लिए 145 करोड़ की मांग की गई है. अब तक मनपा द्वारा प्रति वर्ष 108 करोड़ का अनुदान दिया जा रहा है जिसमें 37 करोड़ अधिक की आवश्यकता होने की जानकारी उन्होंने दी.
जीरो माइल पर पथ अंत्योदय ई-बसों का चार्जिंग स्टेशन
उन्होंने कहा कि मुख्य आकर्षण के रूप में जीरो माइल के पास डिपो की आरक्षित जमीन पर पर्यावरणपूरक परिवहन उपक्रम के तहत पथ अंत्योदय इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन तैयार किया जाएगा. इसे अतिशीघ्र तैयार कर ऑनलाइन पद्धति से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के हाथों इसका लोकार्पण करने का विचार है.
438 बसों का संचालन
वित्तीय वर्ष 2022-23 में डीजल, सीएनजी पर चलने वाली कुल 262 बसों का संचालन होगा. इसके अलावा स्मार्ट सिटी द्वारा 15 इलेक्ट्रिक बस, केंद्र सरकार की ओर से 40 मिडी इलेक्ट्रिक बस और राज्य सरकार के पर्यावरण विभाग की ओर से 115 इलेक्ट्रिक बस प्राप्त होने जा रही हैं. महिलाओं के लिए तेजस्विनी के रूप में 6 इलेक्ट्रिक बसों को मिलाकर कुल 438 बसों का संचालन इस वित्तीय वर्ष में होगा.






