नागपुर दिनांक 19 जनवरी (शहर प्रतिनिधि)
शहर में कोविड संक्रमण पर नियंत्रण रखने वाली स्थानीय निकाय महानगरपालिका खुद कोविड की चपेट में आ गई है। मनपा के दर्जनभर विभाग प्रमुख कोविड संक्रमित हो गए हैं।
विभाग प्रमुखों के क्वारेंटाइन रहने से िवकासकार्यों को ब्रेक लग गया है। कोविड की तीसरी लहर चल रही है। इस लहर में बिना लक्षणवाले मरीजों की संख्या ज्यादा रहने से संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है।
रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर मरीज को क्वारेंटाइन रहना अनिवार्य है। महानगरपालिका के अनेक अधिकारी संक्रमितों के संपर्क में आने से पॉजिटिव हुए हैं। विभाग प्रमुख क्वारेंटाइन रहने के कारण अनेक विभागों का कामकाज प्रभावित हो रहा है।
पहली और दूसरी लहर के मुकाबले तीसरी लहर में मनपा के अधिकारी, कर्मचारी ज्यादा पॉजिटिव हुए हैं। दरअसल शहर को नियमों का पाठ पढ़ा रही मनपा ने इसे गंभीरता से नहीं लिया है।
सरकारी तथा निजी कार्यालयों में 50 फीसदी उपस्थिति में कामकाज चलाने, दोनों वैक्सीन लगाने वालों को ही कार्यालय में प्रवेश देने, प्रवेश द्वार पर तापमान चेक करने, सैनिटाइजेशन के बाद प्रवेश देने के निर्देश दिए गए।
महानगरपालिका कार्यालय में ही इन नियमों का पालन नहीं हो रहा है। शहर को नियमों का पाठ पढ़ानेवाली मनपा में ही नियमों का पालन नहीं होने से दीया तले अंधेरा यह कहावत चरितार्थ हो रही है।






