भारत दिनांक 23 दिसंबर (विशेष प्रतिनिधि)
ओमिक्रॉन (Omicron) वेरिएंट के मामलों में तेजी के बीच देश में कोरोना वायरस (Coronavirus) के नए मामलों में भी वृद्धि देखी जा रही है. भारत में पिछले 24 घंटे में 7,495 नए COVID-19 केस दर्ज किए गए, जो बुधवार से 18.6 प्रतिशत ज़्यादा हैं. बुधवार को देश में कोरोना के 6,317 नए केस सामने आए थे. वहीं, बीते 24 घंटे में 434 मौतें दर्ज की गई हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि देश में ओमिक्रॉन वेरिएंट के मामले बढ़कर 236 हो गए हैं. महाराष्ट्र और दिल्ली में कोरोना वायरस के इस नए स्वरूप के सबसे ज्यादा केस सामने आए हैं.
आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटे में 6,960 मरीज संक्रमण मुक्त हुए हैं जबकि अब तक कुल 3,42,08,926 लोग कोरोना से जंग जीतकर स्वस्थ हो चुके हैं. पिछले 24 घंटों के दौरान नए मामलों के मुकाबले ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कम होने से एक्टिव केस बढ़ गए हैं. देश में मौजूदा समय में 78,291 मरीजों का कोरोना का इलाज चल रहा है.
एक्टिव केस, कुल मामलों के एक प्रतिशत से कम हैं. यह मौजूदा वक्त में 0.23 प्रतिशत है, जो मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है. वहीं रिकवरी रेट 98.40 फीसदी पर है. यह मार्च 2020 के बाद से सर्वाधिक है.






