महाराष्ट्र दिनांक 19 दिसंबर (प्रतिनिधि)
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रॉन के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं. इसी कड़ी में रविवार को महाराष्ट्र में ओमीक्रॉन के 6 और मामले सामने आए हैं. जिसके बाद राज्य में ओमीक्रॉन से संक्रमितों की संख्या 54 हो गई है. वहीं, कोरोना वायरस संक्रमण के 902 नए मरीज पाए गए हैं. जिसके बाद अब 7,068 सक्रिय केस हो गए हैं.
4 मुंबई एयरपोर्ट से तो दो पुणे से
ओमीक्रॉन के अब तक आए मामलों से राहत यह है कि अधिकांश मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री है. विदेश से लौटे मरीजों में ओमीक्रॉन वेरिएंट का इंफेक्शन पाया गया है. विदेश से आने वालों के संपर्क में आने वालों के भी इससे संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. ऐसे में यह अभी आम लोगों तक पहुंच नहीं सका है. रविवार को सामने आए मरीजों में से 4 मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचने वाले रहे हैं. वहीं, एक पिंपरी चिंचवड़ नगर निगम क्षेत्र और दूसरा पुणे ग्रामीण इलाके से मामला सामने आया है.
ओमीक्रॉन के खतरे को लेकर बढ़ी सतर्कता
बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कारपोरेशन और मुंबई पुलिस ने ओमीक्रॉन के खतरे को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है. महानगरपालिका की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रमों को लेकर सख्ती का निर्णय लिया गया है. वहीं, ओमीक्रॉन के संक्रमण को रोकने के लिए भी उपाय किए जा रहे हैं. मुंबई पुलिस ने आम लोगों को बिना मास्क बाहर निकलने से मना किया है. चेकिंग अभियान शुरू किया गया है. इसके अलावा क्रिसमस और न्यू ईयर को लेकर भी भीड़भाड़ से बचने के निर्देश जारी किए गए हैं.
यहां मिले 54 ओमीक्रॉन के मरीज
मुंबई – 22
पिंपरी चिंचवड़ 11
पुणे ग्रामीण – 7
पुणे एमसी – 3
सतारा – 3
कल्याण डोंबिवली – 2
उस्मानाबाद – 2
बलदाना – 1
नागपुर – 1
लातूर – 1
वसई-विरार -1






