भारत दिनांक 18 दिसंबर( विशेष प्रतिनिधि)
दुनिया के कई देशों में कोरोना वायरस का नया वेरिएंट ओमिक्रॉन तेजी से फैल रहा है. भारत में भी अबतक इसने 12 राज्यों में अपने पैर पसार लिए हैं. यूपी समेत 12 राज्यों में अबतक ओमिक्रॉन के कुल 113 मरीज मिले हैं. ऐसे में सरकार ने कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के प्रति लोगों को सावधान करते हुए कहा कि इसे हल्के में नहीं लें, अगर सावधानी नहीं बरते तो फिर नियंत्रण मुश्किल होगा.
वैज्ञानिकों ने भी कहा है कि ओमिक्रॉन से संक्रमित होने वालों में भले ही हल्के लक्षण नजर आ रहे हैं, लेकिन यह तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है. सरकार ने इसके लिए अफ्रीका और यूरोप के साथ ही ब्रिटेन जैसे देशों का उदाहरण दिया है, जहां कोरोना के नए मामले रिकार्ड ऊंचाई पर पहुंच गए हैं, अगर इसे हल्के में लेंगे तो हमारे देश में भी यह वैरिएंट तेजी से फैल सकता है. इसीलिए अब ओमिक्रॉन को लेकर सावधानी बरतनी जरूरी है.
वहीं ओमिक्रोन के खतरे के प्रति आगाह करते हुए नीति आयोग के सदस्य व कोरोना टीकाकरण टास्क फोर्स के प्रमुख डा. वीके पाल ने लोगों से कोरोना उचित व्यवहार का कड़ाई से पालन करते रहने और जल्द से जल्द टीके की दोनों डोज लेने की अपील की.
दुनिया के कई देशों में कोरोना संक्रमण की भयावह स्थिति के आंकड़े देते हुए डा. पाल ने कहा कि इससे बचने के लिए बार-बार हाथ धोने, उचित दूरी बनाए रखने और मास्क पहनने जैसे पुराने तौर-तरीकों का कड़ाई से पालन करने के साथ ही बेवजह यात्रा से भी बचना चाहिए.
उन्होंने लोगों से त्योहारों व अन्य धार्मिक व सामाजिक समारोहों से दूर रहने की अपील की. साथ ही उन्होंने कहा कि सर्दियों में वैसे भी वायरस के तेजी से फैलने का खतरा होता है, इसीलिए नए साल के जश्न में भी सावधानी की जरूरत है.
डा. पाल ने कहा कि ब्रिटेन की जनसंख्या के हिसाब से प्रतिदिन आने वाले केस की तुलना भारत की आबादी से की जाए तो 88 हजार प्रतिदिन का केस भारत में 14 लाख केस प्रतिदिन से अधिक हो सकता है. उन्होंने कहा कि दूसरी लहर के दौरान देश में संक्रमितों का आंकड़ा चार लाख प्रतिदिन को पार कर गया था. अभी सिर्फ एक बात तय है कि वैक्सीन लेने वालों में संक्रमण के लक्षण हल्के होते हैं, इसीलिए सरकार बार-बार सबको टीका लगाने पर जोर दे रही है.






