महाराष्ट्र दिनांक 30 नवंबर ( विशेष प्रतिनिधि)
महाराष्ट्र में दक्षिण अफ्रीका और अन्य जोखिम वाले देशों (High Risk Countries) से लौटे 6 यात्री कोरोना वायरस (Coronavirus) से संक्रमित पाए गए हैं. कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन (Coronavirus Omicron Variant) के चलते इन लोगों के संक्रमित पाए जाने के बाद प्रशासन की चिंता और बढ़ गई है. संक्रमित पाए गए लोगों में मुंबई, कल्याण-डोंबिवली, मीरा भयंदर और पुणे में 1-1 और पिंपरी चिंचवाड़ में नाइजीरिया से लौटे 2 लोग हैं.
महाराष्ट्र के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को यह जानकारी दी. विभाग ने बताया कि इन सभी लोगों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं और उनके कॉन्टैक्ट्स की भी ट्रेसिंग की जा रही है. ये सभी यात्री जो कि संक्रमित पाए गए हैं उनमें संक्रमण के लक्षण या तो हल्के हैं या फिर बिल्कुल भी नहीं हैं
देश में फिलहाल ओमिक्रॉन का कोई मामला नहीं
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को संसद में कहा कि अभी तक देश में कोरोना वायरस के नये स्वरूप ओमीक्रोन का कोई मामला सामने नहीं आया है और सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए सभी संभव कदम उठा रही है कि यह देश में नहीं पहुंचे.
मांडविया ने राज्यसभा में कहा कि केंद्र ने वैश्विक घटनाक्रमों को देखते हुए इस संबंध में परामर्श जारी किया है और हवाई अड्डों और बंदरगाहों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. उन्होंने कहा कि संदिग्ध मामलों का जीनोम सीक्वेंसिंग भी की जा रही है. उन्होंने कहा, ‘‘ओमीक्रोन स्वरूप के मामले अब 14 देशों में पाये गए हैं. यहां इसका अध्ययन किया जा रहा है, हालांकि भारत में इसका कोई मामला सामने नहीं आया है.’’






