शुगर और ब्लड प्रेशर के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें दवा खरीदी करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। आरोग्य वर्धिनी योजना अंतर्गत महानगरपालिका के अस्पतालों में नि:शुल्क औषधि दी जाएगी। दिवाली की पंचमी से इस योजना का शुभारंभ करने की महापौर दयाशंकर तिवारी ने घोषणा की है।
30 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्ति को मिलेगा लाभ
केंद्र सरकार की आरोग्य वर्धिनी योजना अंतर्गत 30 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों को शुगर और ब्लड प्रेशर की औषधि नि:शुल्क दी जाती है। नागपुर शहर के लिए यह योजना लागू की गई है।
मरीजों की जेब पर कम होगा खर्च का बोझ
शुगर और ब्लड प्रेशर की शिकायत होने पर मरीजों को नियमित औषधि सेवन करना पड़ता है। औषधि नहीं लेने पर स्वास्थ्य गड़बड़ा जाता है। अचानक ब्लड प्रेशर और शुगर कम या ज्यादा हाेने पर जान पर बन आती है। कई बार तबीयत खराब होने पर अस्पताल में भर्ती कराने की नौबत आती है। आरोग्य वर्धिनी योजना अंतर्गत मरीजों को नियमित औषधि मिलने पर उनकी जेब पर खर्च का बोझ कम होगा।
सभी की होगी स्वास्थ्य जांच
योजना का लाभ देने के लिए सभी की स्वास्थ्य जांच होना आवश्यक है। िदवाली की पंचमी को गांधीबाग जोन के दायरे में आने वाले महल, चितारओली, इतवारी, बजेरिया, गांधीबाग परिसर से स्वास्थ्य जांच की शुरुआत होगी। जांच में शुगर, ब्लड प्रेशर की शिकायत पाए जाने वालों को नि:शुल्क औषधि दी जाएगी। स्वास्थ्य जांच में नागरिकों से सहयोग करने का महापौर ने आह्वान किया।
वरिष्ठ नागरिकाें को किसी भी प्रा. स्वा. केंद्रों में औषधि
शहर में रहने वाले कार्डधारी वरिष्ठ नागरिक मनपा के किसी भी नागरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से शुगर और ब्लड प्रेशर की औषधि ले सकेंगे। बशर्ते डॉक्टर का जांच प्रमाण-पत्र दिखाना होगा।






