नागपुर दिनांक 30 अक्टूबर (प्रतिनिधि)
विगत लगभग 7 वर्षों से आॅटोरिक्शा का टेरिफ (किराया प्रति किमी.) बढ़ाया नहीं गया है। सितंबर-2014 में परिवहन विभाग द्वारा आॅटोरिक्शा का टेरिफ 14 रुपए प्रति किलोमीटर था। उस वक्त पेट्रोल के दाम प्रति लीटर 65 रुपए थे। अब पेट्रोल के दाम 114 रुपए प्रति लीटर हाे गए हैं। तुलनात्मक रूप से आॅटो रिक्शा टेरिफ में भी वृद्धि की जानी चाहिए। आॅटोरिक्शा संगठनों ने इस मांग को लेकर ज्ञापन प्रादेशिक परिवहन अधिकारी रवींद्र भुयार के माध्यम से राज्य परिवहन आयुक्त अविनाश ढाकने काे दिया गया।
ऑटोरिक्शा संगठन ने ज्ञापन में ऑटोरिक्शा का टेरिफ प्रथम 1 किलोमीटर के लिए 25 रुपए व बाद की दूरी के लिए 20 रुपए प्रतिकिलोमीटर निर्धारित करने की मांग की है।
संगठन के अध्यक्ष ने दलील कि ऑटोरिक्शा का बीमा 3,600 रुपए से बढ़कर 8,200 रुपए, इंजन आयल प्रति लीटर 150 रुपए से बढ़कर 270 रुपए हाे गए हैं। वाहनों के कलपुर्जे व टायर के दाम में भी कई गुना वृद्धि हुई है जिसे संज्ञान में लेते हुए ऑटोरिक्शा टेरिफ भी बढ़ाया जाना चाहिए। मांग जल्द पूर्ण न होने पर उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी है।






