नागपूर के व्यापारी के इकलौते बेटे का शव चंद्रपुर जिले के वरोरा में मिलने से परिवार शोक में डूब गया
चंद्रपुर जिले के वरोरा तहसील परिसर में रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान हर्ष संतोष मंत्री (21) वाड़ी निवासी के रूप में की गई। किसी रेलवे कर्मचारी ने हर्ष के परिजनों को फोन कर घटना की सूचना दी थी। उसके बाद परिजन वरोरा पहुंचे।
हर्ष के पिता संतोष मंत्री का वाड़ी क्षेत्र में लुब्रियंट ऑयल का कारोबार है। मायभूमि न्यूूज़ चंद्रपुर जिला प्रतिनिधि के अनुसार, नागरी गांव के पास हादसा हुआ। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा करने के बाद शव को वरोरा उपजिला अस्पताल में भेजा। अस्पताल से आए मेमो के आधार पर वरोरा रेलवे पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है।
ऑफिस जाने के लिए निकला था : सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लेकविव सोसाइटी फ्लैट क्रमांक 306 निवासी संतोष मंत्री का बेटा हर्ष मंत्री गत रविवार को सुबह करीब 9.55 बजे ऑफिस जाने के लिए घर से निकला। सोसाइटी के गेट के बाहर किसी ने उसे लिफ्ट दी और नाका क्र. 10 तक गया। यहां से वह नागपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचा। अनुमान है कि सुबह करीब 10.30 बजे वह ट्रेन में बैठा। उसका मोबाइल सुबह करीब 11.30 बजे तक शुरू था। इसके बाद बंद हो गया। वरोरा से नागरी स्टेशन के दरमियान रविवार की दोपहर 12.30 बजे वह किसी हादसे का शिकार हुआ।
1 लाख रुपए लेकर निकला था : सूत्रों से पता यह भी चला है कि हर्ष 1 लाख रुपए लेकर घर से निकला था। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने उसके परिवार को फोन पर सूचना दी थी। उसके परिवार को रविवार करीब 12.35 बजे फोन आया था। पश्चात परिवार के लोग नागपुर से वरोरा के लिए रवाना हुए। दाेपहर करीब 2.30 बजे मंत्री परिवार वरोरा पहुंचा। हर्ष परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। हर्ष ने 12वीं तक पढ़ाई की थी। हर्ष के पिता संतोष का लुब्रियंट ऑयल का व्यवसाय है। हर्ष अपने पिता के साथ ऑफिस का काम संभाला करता था। छोटी बहन एमबीए की पढ़ाई के साथ पिता के व्यवसाय में मदद करती है।






