कोराडी मंदिर में दर्शन के बाद एक्टिवा पर घर लौट रहीं मां-बेटी को कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक्टिवा सवार मनीषा त्र्यंबक खोड़े और उसकी बेटी गंभीर जख्मी हो गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां मनीषा ने प्राथमिक जांच के दौरान दम तोड़ दिया।
पीछे से मारी टक्कर
पुलिस के अनुसार वर्धा रोड, खापरी निवासी मनीषा खोड़े बेटी के साथ कोराडी मंदिर से दर्शन कर घर एक्टिवा (एम.एच.-49-एन-8645) से लौट रही थीं। इस दौरान फरस चौक के पास इंडियन ऑइल पेट्रोल पंप के सामने कंटेनर (एच.आर.-55-क्यू-6743) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाकर पीछे से एक्टिवा को टक्कर मार दी। हादसे में मनीषा और उसकी बेटी गंभीर जख्मी हो गईं। मनीषा की मौत हो गई।
हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। इस मामले में दिलीप नत्थू आगलावे, भोलेबाबा नगर, नागपुर की शिकायत पर कोराडी थाने के उप-निरीक्षक नागे ने आरोपी कंटेनर चालक के खिलाफ धारा 279, 304 (अ) , 337 व सहधारा 134,177 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






