आज अमिताभ बच्चन का 79 वा जन्मदिन है, फैंस और उनके चाहने वाले उनको सुबह से ही बधाई दे रहे है अब अमिताभ बच्चन ने भी एक बड़ा निर्णय लेते हुए इसकी जानकारी फैंस के साथ साझा की है जिसका उनके चाहनेवाले स्वागत कर रहे है
अमिताभ बच्चन ने एक पान मसाला ब्रैंड के साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट तोड़ दिया है, इसके पीछे उन्होंने वजह भी दी है और कहा है कि उन्हें पता नहीं था यह ‘सरोगेट विज्ञापन के अंतर्गत आता है’। अमिताभ को एक राष्ट्रीय तंबाकू विरोधी संगठन द्वारा विज्ञापन अभियान से खुद को वापस लेने का अनुरोध किया गया था। अनुरोध में कहा गया कि यह युवाओं को तंबाकू का आदी बनने से रोकेगा। फैंस भी इसकी आलोचना कर रहे थे। अब अमिताभ बच्चन की तरफ से एक आधिकारिक बयान जारी किया गया है, जिसमें बताया गया है कि अमिताभ ने इस ब्रैंड से खुद को अलग कर लिया है।
स्टेटमेंट में लिखा है- ”इस विज्ञापन के प्रसारण के कुछ दिन बाद बच्चन ने ब्रैंड से संपर्क किया और पिछले सप्ताह इससे अलग हो गए। बच्चन जब इस ब्रैंड से जुड़े थे तो उन्हें पता नहीं था कि यह विज्ञापन प्रतिबंधित उत्पाद से संबंधित विज्ञापन के तहत आता है।” पोस्ट में बताया गया कि बच्चन ने कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर दिया और प्रचार के लिए मिली राशि को वापस कर दिया। पिछले महीने एक गैर सरकारी संगठन ‘राष्ट्रीय तंबाकू उन्मून संगठन’ (नोट) ने बच्चन से अपील की थी कि वह पान मसाला ब्रांड को बढ़ावा देने वाले विज्ञापनों का हिस्सा न बनें।






