महाराष्ट्र में कोविड काल(Maharashtra coronavirus) में शिक्षा शुल्क माफी का वादा पूरा नहीं होने पर महाराष्ट्र रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (MARD ) ने हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। यह राज्यव्यापी हड़ताल अगले सप्ताह से होगी। महाराष्ट्र के लगभग पांच हजार रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर जा सकते हैं।
मार्ड के अध्यक्ष डॉ. डी.डी. पाटिल ने बताया कि कुछ माह पहले चिकित्सा शिक्षा मंत्री अमित देशमुख(AMIT DESHMUKH) के साथ हुई बैठक में कोविड अवधि के दौरान रेजिडेंट डॉक्टरों द्वारा की गई मरीजों की सेवा और शैक्षिणिक हानियों को देखते हुए ट्यूशन फीस माफ करने का आश्वासन दिया गया था। कोविड की लहर खत्म होते ही राज्य सरकार रेजिडेंट डॉक्टरों और उन्हें दिए गए आश्वासनों को भूल गई है।
डॉ. पाटिल के अनुसार मंगलवार को सेंट्रल मार्ड संगठन की राज्य स्तरीय बैठक में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर राज्य सरकार को इस बारे में याद दिलाया जाए का फैसला लिया गया। तत्काल कोई निर्णय न होने पर अगले सप्ताह राज्य स्तरीय आंदोलन करने का प्रस्ताव रखा गया है।






