नागपुर दिनांक 26 दिसंबर (शहर प्रतिनिधि )
पारडी क्षेत्र में स्थित डायना कंपनी में क्रेन का तार टूटने से काफी ऊंचाई से नीचे गिरे दो मजदूरों में से एक मजदूर की मौत हो गई। दूसरा गंभीर है। पारडी पुलिस ने आरोपी क्रेन मालिक और चालक के खिलाफ गुरुवार की रात प्रकरण दर्ज किया। इस हादसे के लिए उनकी लापरवाही को कारण माना जा रहा है।
शेड बनाने का काम कर रहे थे :
मृतक अविनाश लांजेवार (50) भंडारा जिले के तुमसर तहसील अंतर्गत वर्तमान में बिड़गांव आराधना नगर निवासी है। उसका जख्मी साथी सेवकराम नेवारे (40) भी आराधना नगर निवासी है। दोनों शेड बनाने का काम करते थे। पारडी थाना क्षेत्र में डायना नामक कंपनी में शेड बनाने का काम जारी था।
दोनों कमर में कपड़े का पट्टा बांधकर क्रेन की मदद से ऊंचाई पर काम कर रहे थे। दोपहर को अचानक क्रेन का तार टूट गया और दोनों मजदूर काफी ऊंचाई से सिर के बल नीचे गिरे। दोनों को गंभीर हालत में पहले निजी और बाद में मेयो अस्पताल ले जाया गया, जहां अविनाश ने दम तोड़ दिया। सेवकराम की हालत गंभीर बनी हुई है। आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया था।
जांच में क्रेन चालक व मालिक पाए गए दोषी :
जांच में क्रेन मालिक सुनील कावले (35), भांडेवाड़ी और क्रेन चालक ऋषिकेश सहारे (23), न्यू.ओम नगर निवासी की लापरवाही उजागर हुई है। उन्होेंने क्रेन के तारों की अच्छी तरह से जांच-पड़ताल नहीं की थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ।






