नवाब मलिक की बेटी ने देवेंद्र को तो अमृता ने नवाब मलिक को भेजा नोटिस

0
14

महाराष्ट्र के मंत्री व राकांपा नेता नवाब मलिक और पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस के बीच आरोप-प्रत्‍यारोप की जुबानी लड़ाई अब कानूनी दांव-पेंच तक पहुंच गई है। दरअसल, मलिक ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस पर लगाया कि उन्‍होंने अपने कार्यकाल में नकली नोटों के खेल को बढ़ावा दिया था और काले धंधे में शामिल रहे भाजपा नेता हाजी अराफात के छोटे भाई को बचाया था।’ यह आरोप लगाने पर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नवाब मलिक पर पलटवार किया।

फडणवीस ने कहा कि, “नवाब मलिक के तो अंडरवर्ल्ड से रिश्ते रहे हैं…उन्‍होंने दाऊद इब्राहिम के गैंग से जमीनें खरीदी हैं। ये जमीनें मुंबई में ब्लास्ट करने के आरोपियों की हैं। नवाब ने ऐसी हिमाकत कैसे की, यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है। इस बारे में मैं खुलासा करूंगा।”

फडणवीस द्वारा नवाब मलिक पर अंडरवर्ल्ड से रिश्ते की बात कहे जाने पर नवाब मलिक और उनके सगे-संबंधी खफा हो गए हैं। आज नवाब मलिक के दामाद ने पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस को मानहानि नोटिस भेजा। उनके द्वारा कहा गया कि, “मानहानिकारक और झूठे आरोपों के लिए और हमें मानसिक रूप से प्रताडित करने के लिए फडणवीस पर कानूनी कार्रवाई हो। साथ ही हमें हुए वित्तीय नुकसान के लिए 5 करोड़ रुपए दिलवाए जाएं।”

नवाब की बेटी नीलोफर मलिक खान ने कहा, ”झूठे आरोप लोगों की जिंदगी बर्बाद कर देते हैं। इससे पहले कि कोई आरोप लगाए या निंदा करे, उन्हें पता होना चाहिए कि वे किस बारे में बात कर रहे हैं। यह मानहानि नोटिस उन झूठे दावों और बयानों के लिए है जो फडणवीस ने मेरे परिवार पर लगाए हैं। हम पीछे नहीं हटेंगे।”

अमृता फडणवीस ने भेजा नवाब मलिक को नोटिस

।पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस पर कई सनसनीखेज आरोप लगाने वाले महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नवाब मलिक को अब फडणवीस की पत्नी अमृता ने मानहानि का नोटिस भेजा है। नोटिस में अमृता ने मलिक पर उनके परिवार को बदनाम करने का आरोप लगाया है। मालूम हो कि नवाब मलिक ने हाल ही में अमृता फडणवीस की एक तस्वीर शेयर की थी, जिसमें वो ड्रग पेडलर जयदीप राणा के साथ नजर आ रही थींं तस्वीर को शेयर करके मलिक ने देवेंद्र फडणवीस से सवाल किया था कि ‘एक ड्रग पेडलर आपकी पत्नी के वीडियो का फाइनेंसर कैसे है?’

जिस पर बवाल मच गया था। नवाब मलिक पर भड़कते हुए फडणवीस ने कहा था कि ‘नवाब मलिक ने चार साल पुरानी तस्वीर शेयर की है वो भी लोगों को भ्रमित करने के लिए, मेरा या मेरे परिवार के किसी भी सदस्य का किसी भी ड्रग पेडलर से कोई लेना-देना नहीं है। जयदीप राणा से उनके परिवार का कोई संबंध नहीं है।’ आरोप-प्रत्यारोप के बीच आज अमृता फडणवीस ने नवाब मलिक को मानहानि का नोटिस भेजा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here