नागपूर दिनांक 12 अक्टूबर ( शहर प्रतिनिधी)
नया मीटर लगाने की एवज में 7,500 रुपये की रिश्वत लेने वाले महावितरण के सीनियर टेक्नीशियन को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रंगेहाथ दबोचा. पकड़ा गया आरोपी विशाल भीमराव पावड़े (40) बताया गया. वह वानाडोंगरी परिसर में स्थित महावितरण कार्यालय में कार्यरत है.
शिकायतकर्ता हिंगना परिसर का रहने वाला है. पिछले कुछ महीनों से घर का बिजली बिल अधिक आ रहा था, इसीलिए पीड़ित व्यक्ति ने महावितरण के कार्यालय में शिकायत की. वहां पावड़े से मुलाकात हुई.
पावड़े ने बताया कि पुराने मीटर में फॉल्ट होगा, इसीलिए नया मीटर लगवाना पड़ेगा. उन्हें 7,500 रुपये नकद और दस्तावेज लाने को कहा. पीड़ित व्यक्ति अपने जायज काम के लिए रिश्वत नहीं देना चाहता था. उसने एसीबी के कार्यालय में शिकायत की. वेरिफिकेशन होने के बाद पावड़े को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया. जैसे ही उसने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, एसीबी की टीम ने दबोच लिया.
एसीबी ने नागरिकों से अपील की है कि कोई भी सरकारी अधिकारी-कर्मचारी खुद या किसी एजेंट के माध्यम से रिश्वत की मांग करे तो सीधे एसीबी कार्यालय में शिकायत करें.





