सावजी होटल में कुर्सी से कुर्सी को धक्का,निकले चाकू और हथौड़ी और…..

0
10

नागपुर दिनांक 13 जनवरी (शहर प्रतिनिधि)

सावजी होटल में कुर्सी का धक्का कुर्सी को लगा तो नशे में धुत युवकों ने कुर्सी से युवक पर हमला कर दिया और बाद में चाकू और हथौड़ी निकल गए

राणा प्रतापनगर थानांतर्गत सावजी होटल में भोजन कर रहे चाचा-भतीजे पर एक अपराधी और उसके साथियों ने जानलेवा हमला कर दिया. बताया जाता है कि कुर्सी को धक्का लगने को लेकर हुई मामूली बहस के बाद आपराधिक प्रवृत्ति के युवकों ने चाकू और हथोड़े से वार कर दोनों पर हमला कर दिया.

चाचा जहाँ गंभीर जख्मी है, वहीं भतीजे को भी मामूली चोट लगी है. जख्मी युवक पाटिल लेआउट, इंद्रप्रस्थनगर निवासी अमरदीप भीमराव पाटिल (28) बताया गया. पुलिस ने उसके भतीजे शुभम सुनील पाटिल (23) की शिकायत पर मामला दर्ज किया है.

आरोपियों में गाते लेआउट निवासी हर्षल राकेश ब्राम्हणे (21), जयताला निवासी प्रीत उर्फ छोटू वंजारी (19) और जयताला निवासी निखिल रमेश दमके (21) का समावेश है. निखिल के खिलाफ इसके पहले भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है. उसे गांजा पीने की लत है और युवाओं को माल बेचता भी है.

कल रात अमरदीप और शुभम अपने दोस्त के साथ भोजन करने के लिए स्वावलंबीनगर के मराठा दरबार सावजी होटल में गए थे. नशे में धुत आरोपी युवक भी वहां भोजन करने आए थे. आगे-पीछे की कुर्सी पर बैठे होने के कारण निखिल को अमरदीप का धक्का लग गया. बस इसी बात पर तीनों ने विवाद शुरू कर दिया. शुभम ने उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन तीनों अमरदीप पर भिड़ गए.

हर्षल ने अमरदीप के सिर पर कुर्सी मार दी. इसी दौरान आरोपियों ने चाकू निकाल लिया. उनके पास हथोड़ी भी थी. अमरदीप के सिर पर वार कर उसे जान से मारने की कोशिश की. मामला बिगड़ता देख अमरदीप का दोस्त वहां से भाग निकला. शुभम ने बीचबचाव का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसे भी पीटा और फरार हो गए.

घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. खबर मिलते ही प्रतापनगर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. अमरदीप और शुभम को निजी अस्पताल ले जाया गया. पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी युवकों को हिरासत में ले लिया.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here