नागपूर दिनांक 12 नवंबर ( प्रतिनिधी)
स्वाइन फ्लू से शहर में 2 महिलाओं की मृत्यु हो गई। मृत्यु विश्लेषण समिति ने उनकी मृत्यु स्वाइन फ्लू से होने की पुष्टि की है। दोनों मृतका नागपुर निवासी थीं। एक की उम्र 66 और दूसरी की उम्र 72 वर्ष थी।
अब तक 62 मृत्यु :
नागपुर शहर में स्वाइन फ्लू से मृत्यु का आंकड़ा 62 पर पहुंच गया है। मरने वालों में नागपुर महानगरपालिका सीमा अंतर्गत 21, जिले के ग्रामीण क्षेत्र में 9, अन्य जिले के 18 और दूसरे राज्यों के 14 व्यक्तियों का समावेश है।
654 स्वाइन फ्लू संक्रमित दर्ज :
नागपुर में दर्ज स्वाइन फ्लू संक्रमित मरीजों की संख्या 654 हो गई है। उनमें से 576 मरीज संक्रमण को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं। स्वाइन फ्लू संक्रमितों में नागपुर शहर के 354, नागपुर ग्रामीण के 114, अन्य जिले के 186 मरीजों का समावेश है।
स्वाइन फ्लू के लक्षण :
सर्दी, जुकाम, गले में दर्द, बदन दर्द आदि स्वाइन फ्लू सदृश्य लक्षण हैं। इनमें से कोई भी लक्षण रहने पर तत्काल डॉक्टर से परामर्श लेकर औषधोपचार लें।
समय पर औषधोपचार तथा सावधानी बरतने पर स्वाइन फ्लू को आसानी से हराना संभव है। नागरिकों से कोई भी लक्षण रहने पर नजरअंदाज न करते हुए तत्काल औषधोपचार लेने का आह्वान मनपा के स्वास्थ्य विभाग ने किया है।






