नागपूर दिनांक 3 अक्टूबर (शहर प्रतिनिधी)
दो मकानों का ताला तोड़कर अज्ञात चोर नकदी व गहनों सहित करीब 6 लाख 20 हजार रुपए का माल चुरा ले गए। घटना अजनी और इमामवाड़ा क्षेत्र में हुई। उज्ज्वल ले-आउट, अजनी निवासी अनघा गजभिये (46) ने अजनी थाने में शिकायत की है।
बेटी के बैग से नकदी व गहने चोरी
अनघा के माता-पिता का अजनी के उज्ज्वल ले-आउट में दो मंजिला मकान है। माता-पिता भाई के पास करीब 6 माह से यूएसए में हैं। अनघा माता-पिता के मकान पर पहुंची, तो ताला लगा था। वह अपने बेटे के साथ बंगलुरु से नागपुर में आई हैं। उनका बेटा नागपुर में पढ़ाई करने के लिए आया है। अनघा ने ताला खोलकर अपना बैग अंदर रखा। मकान काफी गंदा हो गया था, इसलिए वह बहन के घर चली गई।
बहन के घर से दोपहर करीब 12 बजे अनघा वापस माता-पिता के घर पर पहुंची, तो मकान का ताला टूटा हुआ था। अनघा के बैग से चोर सोने-चांदी के गहने व नकद 1 लाख रुपए सहित करीब 5 लाख 12 हजार रुपए का माल चुरा ले गया था।
परिवार कार्यक्रम में गया था :
दूसरी घटना इमामवाड़ा थाना क्षेत्र में हुई। यहां इंदिरा नगर, जाटतरोड़ी क्र.-2 निवासी रितेश गोसावी (39), ने इमामवाड़ा थाने में चोरी की शिकायत की है। वह मकान को तालाबंद कर परिवार बेसा में कार्यक्रम में गया था।
इस दौरान चोर मकान का ताला तोड़कर आलमारी से नकद 19 हजार और सोने के गहने सहित करीब 1 लाख 8 हजार रुपए का माल चुरा लिया। इमामवाड़ा पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।






