नागपुर दिनांक 1 मार्च ( महानगर प्रतिनिधी)
एक वृद्ध महिला को कोविड का टीका लेने पर पैसे मिलने का झांसा देकर एक महिला ने ठग लिया। आरोपी महिला ऑटो में वृद्ध महिला को ले जाते समय उसे कर्ज दिलाने का लालच देकर उसके गहने लेकर फरार हो गई। गहने की कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है।
पांचपावली निवासी पीड़ित ताराबाई शिवनारायण हेड़ाऊ (67) ने शांति नगर थाने में ठगी की शिकायत की है। पुलिस के अनुसार ताराबाई बाजार में खरीदारी करने जा रही थी। इस दौरान लालगंज झाड़े चौक में उसके पास एक 35 वर्षीय अज्ञात महिला आई और उसने ताराबाई से कहा कि, तुमने कोविड का टीका लिया होगा, तो पैसे मिल रहे हैं। ताराबाई अज्ञात महिला के बहकावे में आ गई।
महिला ने ताराबाई को ऑटो में बिठाने के बाद रास्ते में उससे कहा कि, मैं तुमको गहने रखकर कर्ज भी दिला सकती हूं। महिला के बहकावे में आई ताराबाई ने उसे कर्ज लेने के लिए गहने दे दिए। आरोपी महिला ने भारतीय स्टेट बैंक, तांगा स्टैंड चाैक में ऑटो से उतरने के बाद ताराबाई को बैंक के सामने बाहर खड़ा कर दिया और बैंक के अंदर यह कहकर गई कि, बातचीत करने के बाद तुम्हें बुलाती हूं।
ताराबाई, महिला का बैंक के सामने इंतजार करती रही, लेकिन वापस नहीं लौटी और ताराबाई के 30 हजार रुपए के गहने लेकर फरार हो गई। जब ताराबाई को एहसास हुआ कि, वह ठगी का शिकार हो गई है, तब उसने शांति नगर थाने में जाकर शिकायत की। पुलिस ने अज्ञात आरोपी महिला पर धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया है।






