नागपुर दिनांक 19 नवंबर (महानगर प्रतिनिधि)
वन विभाग की ओर से चलाए जा रहे मगरमच्छ सर्च अभियान में हैरान करने वाली बातें सामने आ रही हैं। स्थानीय निवासियों से चर्चा में पता चला कि नाग नाले में एक से ज्यादा मगरमच्छ मौजूद हैं। कुछ लोगों ने एक साथ दो मगरमच्छ देखने की बात कही। हालांकि किसी ने इसकी पुष्टि नहीं की।
वन विभाग की ओर से सर्च अभियान में शामिल दो नए संगठनों के सदस्यों को यह जानकारी मिली है। इसके बाद सर्च अभियान को और तेज कर दिया गया है। परिसर के निवासियों को सावधानी बरतने के लिए कहा गया है। शहर के पत्रकार सह-निवास के पीछे नाग नाले में 15 दिन पहले मगरमच्छ के मौजूदगी की पुष्टि हुई थी।
एक वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग लगातार नाग नाले में सर्च अभियान चला रहा है, लेकिन मगरमच्छ का नामोनिशान नहीं। बुधवार से पीपल फॉर एनिमल यूनिट-2 व हेल्प फॉर एनिमल संस्था की मदद से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को जारी सर्च अभियान के दौरान इन संगठनों की ओर से बस्ती के कई निवासियों से चर्चा की गई।
कुछ लोगों ने नाग नाले में एक से ज्यादा मगरमच्छ होने की बात भी कही और उसका वीडियो भी बनाने का दावा किया। संगठनों की ओर से निवासी नागरिकों को सावधानी बरतने व अफवाह पर ध्यान नहीं देने, लेकिन मगरमच्छ दिखने पर तुरंत वन विभाग को जानकारी देने की बात कही गई।






