पंजाब के CM की कुर्सी छोड़ने वाले कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बड़ा सियासी धमाका किया है। कैप्टन ने साफ कर दिया है कि वह पंजाब में नई पार्टी बनाएंगे और उसी के जरिए 4 महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। चुनाव से पहले BJP से गठबंधन होगा।
इस गठजोड़ में शिरोमणि अकाली दल (बादल) से अलग हो चुके सुखदेव सिंह ढींढसा और रणजीत ब्रह्मपुरा के गुट को भी जोड़ेंगे। हालांकि उससे पहले कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन का सही समाधान निकलना जरूरी है।
अमरिंदर ने एक इंटरव्यू में संकेत दिए कि दिल्ली में सिंघु, टिकरी और गाजीपुर बॉर्डर पर चल रहा किसान आंदोलन जल्दी ही एक प्रस्ताव की तरफ आगे बढ़ सकता है। इसमें केंद्र सरकार किसानों से बात करेगी। उन्होंने कहा कि कृषि सुधार कानूनों का मसला हल होने के बाद ही वे BJP के साथ गठबंधन करेंगे।
पंजाब में सरकार बनाने पर फोकस
अमरिंदर ने कहा कि उनका फोकस 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर पंजाब में सरकार बनाने पर रहेगा। भाजपा से किसी तरह के वैचारिक दिक्कत के मामले में अमरिंदर सिंह ने कहा कि वह पंजाब के साथ खड़े हैं। उनके लिए पंजाब के हित ही सबसे ऊपर हैं।






