भारत में कोरोना की दूसरी लहर में कोहराम मचाया था और कई राज्यों में लॉकडाउन लगाना पड़ा था इसके चलते स्कूल कॉलेज, मंदिर सहित अन्य गतिविधियों को बंद कर दिया गया था पर धीरे-धीरे भारत में कोरोना संक्रमण काबू में आ रहा है और इसी के चलते जनजीवन सामान्य पटरी पर लौटने की कोशिश हो रही है
उत्तराखंड के केदारनाथ धाम दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। यहां के लिए हवाई सेवा भी शुरू कर दी गई है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा दी जा सके और उन्हें केदारनाथ धाम तक सुरक्षित पहुंचाया जा सके।
हेलीपैड का निरीक्षण करने के बाद डीजीसीए ने हेली सेवा संचालित करने की अनुमति दी। हेली सेवा के लिए टिकटों की बुकिंग भी वेबसाइट पर होने लगी है। अगर आप हेली सेवा से केदारनाथ धाम जा रहे हैं तब भी आपको कोविड प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन करना होगा।
वहीं, देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविनाथ रमन ने बताया कि हेली सेवा से केदारनाथ धाम जाने वाले यात्रियों को पंजीकरण कर ई-पास जारी किए जाएंगे। कलेक्टर ने आदेश दिए हैं कि अगर कोई यात्री तय समय पर नहीं पहुंचा तो उसकी जगह किसी और पंजीकृत यात्री को पास जारी कर दिया जाएगा।
कलेक्टर ने बताया कि सड़क के रास्ते से कोई भी श्रद्धालु बिना ई-पास के केदारनाथ नहीं जा सकता। उसे जाने नहीं दिया जाएगा। देवस्थानम बोर्ड के पोर्टल से ई-पास जारी किए जा रहे हैं। ऐसे में यात्री किसी भी दलाल या भ्रमित करने वाले लोगों के झांसे में न आएं। कलेक्टर ने कहा कि आगामी 15 अक्तूबर तक देवस्थानम बोर्ड का ई-पास पोर्टल पर बुकिंग फुल है।






